*जिला कांग्रेस की 5 घंटे चली वृहद कार्यशाला, बूथ स्तर तक जनसंपर्क, स्मार्ट मीटर आंदोलन तेज करने का संकल्प*

अंबिकापुर। स्मार्ट मीटर के खिलाफ घोषित आंदोलन को धार देने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने गुरुवार को वृहद कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला करीब 5 घंटे चली। इसमें जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा-संगठन के प्रभारी और मंडल अध्यक्ष शामिल हुए। कार्यशाला में वक्ताओं ने संगठनात्मक और जनसंपर्क के विषयों पर प्रशिक्षण दिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि देश और प्रदेश में सरकार बदलने के लिए कांग्रेस को 40 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी, परीक्षा लीक, बेरोजगारी, महंगाई, इथेनॉल, स्मार्ट मीटर और राम मंदिर चढ़ावा चोरी जैसी हर विफलता के पीछे सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इथेनॉल के लिए गडकरी, परीक्षा लीक के लिए धर्मेंद्र प्रधान और स्मार्ट मीटर के लिए प्रदेश सरकार को टारगेट करने के बजाय सीधे प्रधानमंत्री को लक्ष्य करना चाहि

*राजनीति सेवा है, संवाद से सत्ता मिलेगी*

निगम के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल ने बूथ कमेटी स्तर तक जनसंवाद का तरीका बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति सेवा का क्षेत्र है और अंतिम व्यक्ति का विकास ही कांग्रेस का लक्ष्य है। इसके लिए मतदाता से सीधा संवाद जरूरी है।

*स्मार्ट मीटर पर जनता का भारी विरोध*

एआईसीसी सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि पिछले 3 दिन के जनसंपर्क में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का फार्म भरने में उपभोक्ताओं ने भारी उत्साह दिखाया। महिलाएं खुद महतारी वंदन वसूली का स्टिकर स्मार्ट मीटर पर लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि टीएस सिंहदेव के ऊर्जा मंत्री रहते शहर-जिले के लिए स्वीकृत सबस्टेशन की योजनाएं रद्द होने से आज बिजली कटौती और बढ़ा बिल झेलना पड़ रहा है।

*अन्य वक्ताओं ने कही ये बात*

पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने एग्री स्टेट पंजीकरण, राशन वितरण की अव्यवस्था पर जानकारी दी। अरविंद सिंह गप्पू व हेमंत तिवारी ने ग्रामीण स्तर पर कानूनी सहायता की प्रक्रिया बताई। जमील खान ने मतदाता सूची की समीक्षा और अनूप मेहता ने सोशल मीडिया व कनेक्ट कांग्रेस की नई व्यवस्था से अवगत कराया।

Spread the love