*एनएच-130 पर हुआ हादसा, 1 महिला की मौत, 7 घायल*  

लखनपुर। नेशनल हाईवे 130 पर जजगा स्थित राजवाड़े ढाबा के समीप बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर की ओर से आ रही इनोवा क्रिस्टा को अंबिकापुर की ओर से आ रही पॉपुलर बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा अनियंत्रित होकर पीछे खड़े टैंकर से जा टकराई। हादसे में इनोवा सवार 1 महिला की मौत हो गई जबकि 7 लोग घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5-6 अगस्त की दरमियानी रात करीब 1 बजे यह हादसा हुआ। इनोवा क्रमांक सीजी 15 ईडी 9050 में सवार लोग बिलासपुर जिले में अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गृह ग्राम लौट रहे थे। विपरीत दिशा से आ रही पॉपुलर बस क्रमांक सीजी 15 डीएम 0186 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए इनोवा को सीधी टक्कर मार दी।

*स्थानीय लोगों ने की मदद*

घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त इनोवा में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए लखनपुर अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।

हादसे में मृत महिला की पहचान दिलीप कुमारी तिग्गा, पति आसान लाल तिग्गा, निवासी थाना लुण्ड्रा के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतिका के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने सुशील तिग्गा पिता आसान तिग्गा 26 वर्ष की रिपोर्ट पर धारा 194 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया है।

Spread the love