शुध्दूलाल वर्मा 

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । अविभाजित कोरिया जिला  लम्बे समय से सरगुजा पैलेस का प्रभाव वाला क्षेत्र रहा है। बाद में डाॅ चरणदास महंत की इंट्री हुई और यह क्षेत्र डॉ महंत का प्रभाव वाला क्षेत्र बन गया। अविभाजित कोरिया जिला के कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता महंत को ही अपना सर्वमान्य नेता मानने लगे । अविभाजित कोरिया जिला की कांग्रेस की राजनीति टीएस बाबा व महंत के इर्द-गिर्द घूमने लगी । इस क्षेत्र के कांग्रेसियों का राजनीतिक भविष्य डॉ महंत के मुट्ठी में कैद हो गया ‌। इसी बीच कुछ कांग्रेसजन अपने आप को उपेक्षित महसूस करने लगे उनकी पूंछ परख कम हो गई । ऐसे में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अविभाजित कोरिया जिले (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और कोरिया) के दो दिवसीय प्रवास ने सरगुजा संभाग की आंतरिक राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। राजनीतिक हल्कों में तरह तरह की चर्चाएं होने लगी हैं और उपेक्षित पड़ा कांग्रेस का एक धड़ा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर एक विकल्प के रूप में देखने लगा है । यही कारण भी है जब 20 नवम्बर शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मनेंद्रगढ़ आगमन हुआ तो उनका गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया गया ।  इसी स्वागत ने राजनीतिक हल्कों का बाजार गर्म कर दिया और तरह तरह की चर्चाएं होने लगी। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों और क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों के अनुसार, अब तक इस अंचल में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत का सीधा राजनीतिक प्रभाव और टिकट वितरण में दखल माना जाता रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस दौरे के दौरान उमड़ी भीड़ और स्थानीय कांग्रेस नेताओं के घरों तक उनकी सीधी पहुंच ने क्षेत्र में शक्ति संतुलन के नए आयामों की ओर इशारा किया है। नारों के जरिए  सियासी बदलाव की आहट दिखाई दी। स्थानीय कार्यकर्ताओं और राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अविभाजित कोरिया की राजनीति में लंबे समय से केवल दो ही प्रमुख नारे सुनाई देते रहे हैं— ‘जय-जय चरण’ और ‘छत्तीसगढ़ डोल रहा है, बाबा-बाबा बोल रहा है’। लेकिन बीते दो दिनों के दौरान मनेंद्रगढ़ से लेकर बैकुंठपुर तक की सड़कों और सभाओं में “खाबो लाठी, जाबो जेल, हमर नेता भूपेश बघेल” के नारे प्रमुखता से गूंजते सुनाई दिए। राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार, सिंहदेव और महंत के पारंपरिक प्रभाव क्षेत्र माने जाने वाले इस इलाके में बघेल के समर्थन में इस तरह का माहौल बनना यह दर्शाता है कि यहां भूपेश बघेल के समर्थकों का भी एक बड़ा वर्ग सक्रिय है, जो अब खुलकर सामने आ रहा है। क्षेत्र के राजनीतिक हल्कों में इस बात की भी चर्चा जोरों पर है कि आखिर स्थानीय नेता और कार्यकर्ता पारंपरिक नेतृत्व से हटकर भूपेश बघेल की ओर क्यों आकर्षित हो रहे हैं। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इसके पीछे मुख्य कारण बड़े नेताओं द्वारा जमीनी पकड़ रखने वाले कार्यकर्ताओं को अपेक्षित तरजीह न दिया जाना माना जा रहा है। लंबे समय से उपेक्षित महसूस कर रहे कई स्थानीय चेहरों ने बघेल के इस दौरे को अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने के अवसर के रूप में देखा है। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान भूपेश बघेल ने मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, बैकुंठपुर और खड़गवां क्षेत्र के कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं के निवास पर जाकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहीं शोक संतप्त परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की, तो कहीं पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होकर बधाई दी और लोगों का कुशलक्षेम जाना। क्षेत्र में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत और कार्यकर्ताओं के उत्साह से अभिभूत होकर पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए “लव यू मनेंद्रगढ़” भी लिखा। बघेल की इस पोस्ट और उनके जमीनी जनसंपर्क को आगामी राजनीतिक समीकरणों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

Spread the love