स्कूलों में जागरूकता अभियान तेज, अभिभावकों की होगी काउंसलिंग

अंबिकापुर। सड़कों पर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सरगुजा पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। शासन के निर्देश और डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस और थाना-चैकी की टीमों द्वारा जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य नाबालिग छात्र-छात्राओं की सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें दुर्घटनाओं से बचाना है। पुलिस टीम स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं को एकत्रित कर यातायात नियमों का पालन करने और अंडरएज ड्राइविंग के खतरों के बारे में जानकारी दे रही है। जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्य और प्रधान पाठकों को निर्देश दिए गए हैं कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस किसी भी छात्र-छात्रा को दोपहिया वाहन से स्कूल आने की अनुमति न दें। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो पहले उसे समझाईस दी जाएगी, साथ ही उसके अभिभावकों को बुलाकर काउंसलिंग की जाएगी। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चलानी कार्रवाई और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम द्वारा अभियान के दौरान मौके पर वाहन चलाते मिले छात्रों से ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट के संबंध में पूछताछ भी की गई। उन्हें बताया गया कि बिना लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन चलाना दंडनीय अपराध है। छात्र-छात्राओं को स्कूल के अधिकृत वाहन या परिजनों के साथ ही स्कूल आने-जाने की सलाह दी गई। सरगुजा पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने न दें। यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।

Spread the love