डीआईजी एवं एसएसपी ने रक्षित केंद्र का वार्षिक निरीक्षण किया
अंबिकापुर। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने 31 जुलाई, शुक्रवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने रक्षित केंद्र में परेड की सलामी ली। इसके बाद परेड का निरीक्षण कर अधिकारी-कर्मचारियों का टर्नआउट चेक किया। जवानों से टोलीवार मार्च पास्ट एवं स्कॉट ड्रिल कराई गई। परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को नकद ईनाम देकर पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने वाहन शाखा, आर्म्स शाखा, स्टोर शाखा एवं पुलिस यूनिट बैंक का बारीकी से अवलोकन किया। वाहन शाखा में शासकीय वाहनों की अद्यतन स्थिति, रख-रखाव एवं लॉग बुक सहित दस्तावेजों की जांच की। बीपी वाहन एवं जैमर वाहन सहित अन्य वाहनों को सही हालत में रखने के निर्देश रक्षित निरीक्षक एवं वाहन शाखा प्रभारी को दिए। स्टोर शाखा में रखी सामग्रियों के रख-रखाव एवं जवानों को समय पर वितरण करने के निर्देश दिए गए। उपकरणों की समय-समय पर मरम्मत कराने और मेंटनेंस बनाए रखने कहा। आर्म्स शाखा में हथियारों की सुरक्षा, नियमित सफाई एवं मेंटेनेंस के आवश्यक निर्देश दिए। एसएसपी ने पुलिस यूनिट बैंक का निरीक्षण करके जवानों के वेलफेयर के लिए बैंक से अधिकारियों-कर्मचारियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने कहा।
जवानों की समस्याएं सुनी, दिए निर्देश  
डीआईजी एवं एसएसपी ने अधिकारी-कर्मचारियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े इस प्रकार संवेदनशील होकर कार्य करें। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय से जिले को आबंटित नए शासकीय वाहन की पूजा-पाठ कर बेहतर रख-रखाव के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चैधरी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण राकेश बघेल, उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, प्रशिक्षु सूबेदार द्वय पेमिन वर्मा व गुलशन चंद्रा, रीडर अमित पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love