सरहरी/प्रतापपुर। किताबों के बोझ से मुक्त होकर बच्चे अब देशभक्ति, कला और संस्कृति सीखेंगे। कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक (समग्र शिक्षा), सूरजपुर के निर्देश पर 1 अगस्त, शनिवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरहरी में बैगलेस डे को विशेष और प्रेरणादायी बनाने की तैयारी है। प्राचार्य दिलीप तिवारी के मार्गदर्शन में इस दिन को यादगार बनाने के लिए भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।
आयोजन का सबसे खास हिस्सा होगा प्रेरणा सत्र। विद्यालय प्रबंधन ने सूरजपुर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पुत्र कमलेश कोसरिया को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। विद्यालय परिवार द्वारा उनका सम्मान किया जाएगा। वे विद्यार्थियों को देश की आजादी में सेनानियों के त्याग, संघर्ष और अनसुने प्रसंगों से रूबरू कराएंगे। जिला कार्यालय के आदेश पर छात्रों द्वारा महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र व पेंटिंग तैयार किए जा रहे हैं। एक अगस्त को इनकी भव्य प्रदर्शनी लगेगी। साथ ही देशभक्ति रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उत्साह बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को सांप्रदायिक सद्भावना एवं राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी। पर्यावरण संरक्षण और भाईचारे का संदेश देने के लिए स्कूल परिसर में राष्ट्रीय एकता सांप्रदायिक सद्भावना पौधारोपण के तहत एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जाएगा। इसमें अतिथि, शिक्षक और बच्चे मिलकर पौधे लगाएंगे।
कार्यक्रम के संयोजक और सरगुजा संभाग के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर शोध कर चुके राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जगाना है। सेनानी के परिजनों से सीधा संवाद बच्चों को सही मार्ग पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा। विद्यालय की इस पहल को लेकर छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह है। शिक्षकों का मानना है कि बैगलेस डे का यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें एक आदर्श नागरिक बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Spread the love