सोनार समाज राजपुर बेटी के जन्म पर करेगा 1.01 लाख की मदद
मृत्यु में भी सहयोग, बेसहारा बुजुर्गों को मिलेगा 500 रुपये प्रतिमाह

अंबिकापुर। समाज सेवा और आपसी सहयोग की मिसाल पेश करते हुए राजपुर सोनार समाज ने हर वर्ग का दिल जीत लिया है। बेटी के जन्म से लेकर बुजुर्गों की पेंशन और मृत्यु संस्कार तक, हर मौके पर समाज कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहता है। इसी उत्कृष्ट सामाजिक कार्य के प्रोत्साहन के लिए  ‘नवीन सर्व सोनार समाज कल्याण समिति, जिला सरगुजाÓ द्वारा रविवार को होटल अलंकार ग्रीन, अंबिकापुर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में राजपुर से पहुंचे सभी पुरुष, महिला, युवा पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों का स्वागत किया गया। सरगुजा सोनार समाज की ओर से इन्हें शाल-श्रीफल और स्मृति चिन्हÓ भेंट करके सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में राजकुमार सोनी, वरिष्ठजनों में सुरेश कुमार सोनी अध्यक्ष, रामाशीष सोनी उपाध्यक्ष, ओम प्रकाश सोनी कोषाध्यक्ष, विकास सोनी प्रमुख सलाहकार, सुनिता सोनी महिला अध्यक्ष, नूतन सोनी महिला महामंत्री सहित पूरी टीम शामिल रही। जिला अध्यक्ष विनोद सोनी के माता-पिता बलदेव सोनी और बेचनी देवी का भी राजपुर समाज के अतिथियों ने भावपूर्ण सम्मान करके आशीर्वाद लिया।
समाज की जनहितैषी योजनाएं चर्चा में
कार्यक्रम में राजपुर समाज के अध्यक्ष सुरेश कुमार सोनी ने समाज द्वारा चलाई जा रही जनहितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कन्या विवाह सहायता योजना के तहत प्रत्येक नवजात बालिका के 21 वर्ष पूर्ण होने पर 1,01,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अनुग्रह पेंशन योजना में बेसहारा बुजुर्गों को 500 रुपये प्रतिमाह, दाह-संस्कार सहायता में लकड़ी, पूजा सामग्री और ब्रह्मभोज में पुरुषों को टोपी वितरण किया जाएगा। हर माह मंदिर में भण्डारा और समाज की बैठक आयोजित की जाएगी। हर साल भव्य सम्मेलन करके पदाधिकारियों का सम्मान किया जाएगा। गर्मी में पक्षियों के लिए दाना-पानी, गौ-माता को गुड़ रोटी, कुत्तों को रोटी खिलाने की और वृक्षारोपण करने की अपील की गई।
बाक्स
पदाधिकारियों ने एकता और सेवा पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम की शुरुआत अंबिकापुर निवासी स्व. रामलखन सोनी को 2 मिनट मौन श्रद्धांजलि देकर की गई। इसके बाद गणेश वंदना, सरस्वती वंदन और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। समाज के पदाधिकारियों रघुनाथ सोनी, विनोद सोनी, प्रकाश सोनी, नीलम सोनी और अरुण सोनी ने समाज में एकता और सेवा के महत्व पर विचार रखे। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला सचिव विजय कुमार सोनी ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया। समारोह में शिवराम सोनी, अम्बिका सोनी, अशोक सोनी, सुनील सोनी, जयश्री स्वर्णकार, रश्मि स्वर्णकार सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। राजपुर सोनार समाज की ये पहलें निश्चित ही समाज में सेवा और एकता का नया उदाहरण बन रही हैं।

Spread the love