चेहरा क्षत-विक्षत हुआ, मृतक के पहचान के लिए पुलिस कर रही मशक्कत

लखनपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 में लखनपुर थाना अंतर्गत स्थित कमल फ्यूल के सामने बाइक और ट्रक में आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार, 17 अप्रैल को शाम लगभग 5 बजे की है।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक सीजी 07 सीएस 7684 अंबिकापुर की तरफ से आ रही थी। ट्रक जैसे ही कमल फ्यूल के पास पहुंची, लखनपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार बाइक क्रमांक सीजी 29ए 3196 के सवार से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में बाइक सवार युवक को सिर और चेहरे में गंभीर चोट आई थी, और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के चेहरा क्षत-विक्षत हो गया, जिस कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है। दुर्घटना में बाइक के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना की सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मृतक के पहचान के प्रयास में जुटी है।
तमाम प्रयासों के बाद भी नहीं रूक रही दुर्घटनाएं
नेशनल हाईवे 130 पर सड़क दुर्घटना थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस के द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार थाने के सामने सघन वाहन चेकिंग की जा रही है, और यातायात के नियमों का पालन करने प्रेरित किया जा रहा है। दोपहिया चालकों से स्वयं की सुरक्षा के लिए नियमित रूप से हेलमेट लगाने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की समझाइस दी जा रही है, लेकिन आए दिन हादसे में सड़कें खून से लाल हो रही हैं।

Spread the love