अंबिकापुर। थाना कोतवाली पुलिस टीम ने शहर के कंपनी बाजार में सब्जी व्यापारी से मारपीट व दुकान में तोड़फोड़ करके नकदी रकम ले जाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सब्जी खरीदने की बात को लेकर विवाद होने पर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है।
गोधनपुर निवासी उपेन्द्र कुमार गुप्ता ने 20 जनवरी को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 20 जनवरी को सुबह अपने भाई आकाश गुप्ता एवं दीपक गुप्ता के साथ वह अपने दुकान पर था। 19 जनवरी को एक महिला 02 क्विंटल सुरन सब्जी उसके दुकान में बेचने के लिए पहले से तय सौदा के अनुसार लेकर आई थी, जिसे पड़ोस के सब्जी दुकानदार मां शेरावाली सब्जी भण्डार का संचालक राजेंद्र गुप्ता जबरजस्ती अपने पास बुलाकर सब्जी को कम कीमत में खरीदा और अधिक दाम में दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। इसी बात को लेकर पूछताछ करने पर राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता और उसका लड़का प्रियांशु दोनों झगड़ा-विवाद करने लगे। झगड़ा विवाद होते देख प्रार्थी का चाचा जवाहर प्रसाद गुप्ता बीच-बचाव करने एवं समझाइश देने आए तो इनसे भी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और पास पड़े डंडा से मारपीट करने लगे। मामले की रिपोर्ट करने जब प्रार्थी थाना गया तो पीछे से राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता का लड़का प्रियांशु गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, सुरज गुप्ता एवं अंकित सोनी उसके दुकान के अंदर घुसकर भाई आकाश से मारपीट किए और दुकान का शीशा व दुकान में लगे सीसीटीव्ही कैमरे व इलेक्ट्रानिक तराजू को तोड़फोड़ कर दिए और काउंटर में रखे सुबह के सब्जी बिक्री की रकम लगभग 30-40 हजार रुपये लूट कर ले गए। साथ में दुकान में लगे सीसीटीव्ही कैमरे के डीवीआर को भी निकाल कर अपने साथ ले गए थे। रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने धारा 296, 351 (3), 115(2), 331, (5), 324(4), 309(6), बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के आरोपियों को तलाशा और आरोपी राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता पिता रघुपति साव 55 वर्ष, प्रिंस गुप्ता पिता राजेंद्र गुप्ता 21 वर्ष, प्रियांशु गुप्ता पिता राजेन्द्र गुप्ता 19 वर्ष सभी निवासी गोधनपुर को मामले में धारा 238 बीएनएस जोड़कर गिरफ्तार कर लिया। इन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक देवनारायण यादव, प्रधान आरक्षक सदरक लकड़ा, आरक्षक दीपक पाण्डेय, नितिन सिन्हा,सुरेश गुप्ता सक्रिय रहे।

Spread the love