एसआईआर कार्यों का निरीक्षण, डिजिटाइजेशन के कार्य में तेजी लाने दिए निर्देश
अंबिकापुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत जिले में मतदाता सूची अद्यतन का कार्य तेजी से जारी है। इसके तहत बीएलओ के द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन का कार्य आगामी 4 दिसम्बर तक किया जाएगा। कलेक्टर ने उदयपुर के पेंडरखी की बीएलओ सुमित्रा सिंह एवं फतेहपुर की गुलाबो बाई को प्रमाणपत्र एवं शॉल भेंट करके सम्मानित किया। इसी प्रकार अन्य ग्राम पंचायतों में उल्लेखनीय प्रगति पर अन्य बीएलओ भी सम्मानित हुए।
इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोसकर ने अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक तथा जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल के साथ विकासखण्ड उदयपुर में विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे एसआईआर कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने एसआईआर के तहत फार्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उपस्थित लोगों से बात करके एसआईआर में आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी समस्याओं के समाधान और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने बूथ लेवल अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सभी को कार्य में लगाएं, ताकि समय सीमा के भीतर एसआईआर कार्य पूरा हो। उन्होंने कोटवारों से गांव-गांव में मुनादी करवाने कहा। निरीक्षण में उन्होंने ग्राम पंचायत अंधला, बेलढाब, जजगा में एसआईआर कार्यों का अवलोकन किया।
इन बीएलओ का सम्मान
कलेक्टर ने शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का सर्वे कराकर डिजिटलाइजेशन कार्य पूर्ण करने वाली ग्राम पेंडरखी की बीएलओ सुमित्रा सिंह, फतेहपुर की गुलाबो बाई, मतरेंगा की कान्ति किस्पोट्टा, बुले की कुन्ती बाई, पनगोती की बिमला, लालपुर की जगमानिया, रजबंधा की गायत्री पैकरा, कलापारा की सुमित्रा गुप्ता, जामडीह की प्रमिला प्रजापति, बोंगरू की संतरा बाई, बढ़ेगांव की रंजना पैंकरा को सम्मानित किया।

Spread the love