उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मानपुर में विकासखंड स्तरीय पशु मेला उत्सव प्रदर्शनी का आयोजन पशुधन विकास विभाग सरगुजा ने किया। इस दौरान मुख्य अतिथि पर्यटन व धर्मस्व विभाग के मंत्री राजेश अग्रवाल व विशिष्ट अतिथि जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, जिला पंचायत सदस्य रैमुनिया करियाम, जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह देव, संतोष जायसवाल, अर्जुन सिंह, नरेंद्र सिंह, ग्राम मानपुर के सरपंच भूलन सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रबोध सिंह, अखंड विधायक सिंह सहित अन्य की उपस्थिति रही।
पहली बार विकासखंड में आयोजित मेला में 12 गांव के लोग बकरी-बकरा, मुर्गी, सुअर, गाय, भैंस, शुतुरमुर्ग और घोड़ा जैसे अन्य पशु-पक्षियों के साथ शामिल हुए। किसानों को अपने पशुओं का झनकहा जैसे सर्जरी वाले बीमारियों का नि:शुल्क इलाज कराने, दवा प्राप्त करने, नि:शुल्क टीकाकरण के लिए प्रेरित किया गया। दुधारू गाय, भैंस, बछिया सहित अन्य पशु-पक्षी वर्ग में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त मालिकों को पुरस्कार तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। पशुधन विकास विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई और नि:शुल्क बधियाकरण करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। बकरी पालन, गौ पालन में आने वाली समस्याओं का निदान बताया गया। खंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कंवर ने बताया कि इस मेला का आयोजन पशुधन विकास विभाग जिला सरगुजा द्वारा अधिक से अधिक किसानों और पशुपालकों को लाभ दिलाने के लिए किया गया है। किसानों को पशुपालन के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया ताकि किसान और पशुपालक अधिक से अधिक लाभ कमा सकें। उन्होंने कहा किसी प्रकार से पशुपालन में असुविधा होने या जानवरों को बीमारी होने पर वे तत्काल पशु चिकित्सालय उदयपुर के डॉ. राहुल पेंद्रो या उदयपुर के पशु चिकित्सालय से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।

Spread the love