अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग एवं संस्कृति विभाग द्वारा ‘वंदेमातरम्Ó की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर के.आर. टेक्निकल कॉलेज, संजयनगर में शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् के सामूहिक गायन से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों तथा स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दूरदर्शन पर प्रसारित लाइव कार्यक्रम को महाविद्यालय के छात्र और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से देखा, जिससे सभी ने राष्ट्रीय आयोजन से सीधे जुड़ाव महसूस किया। कॉलेज परिसर में ध्वनि प्रणाली के माध्यम से वंदेमातरम् की धुन का प्रसारण भी किया गया।
महाविद्यालय की डायरेक्टर डॉ. रीनू जैन एवं प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने अपने संदेश में कहा कि  ‘वंदेमातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रभावना, त्याग और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देश प्रेम की भावना को सुदृढ़ करते हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने हेतु प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक समिति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा जारी अधिकृत पोर्टल पर जाकर राष्ट्रगीत सुनने और इससे जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन, भाषण एवं क्विज़ प्रतियोगिताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। महाविद्यालय में अन्य गतिविधियों का आयोजन 14 नवम्बर तक किया जाएगा। यह राष्ट्रीय कार्यक्रम चार चरणों में 7 से 14 नवम्बर तक, 19 से 26 जनवरी 2026 तक, 01 से 15 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का भव्य समापन 7 नवम्बर 2026 को होगा।

Spread the love