निजी अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही, दवा का बिल नहीं देने सहित अन्य आरोप  

अबिकापुर। शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान कथित लापरवाही से युवती की मौत का आरोप स्वजन लगा रहे हंै। मृतका के पति ने अस्पताल प्रबंधन पर बिल नहीं देने, समय पर छुट्टी नहीं देने और गलत इलाज करने का आरोप लगाया है।
मृतका काजल कुजूर 23 वर्ष, निवासी आदर्शनगर सीतापुर के पति अमित पन्ना निवासी जंगलीजोबा थाना कमलेश्वरपुर ने पुलिस को बताया है कि उसका प्रेम विवाह वर्ष 2025 में हुआ था। परिवार में मां, पिता, भाई, पत्नि और 3 माह की बच्ची है। पत्नि काजल को पिछले 4-5 दिन से हाथ-पैर और पूरे शरीर में दर्द की शिकायत थी। 09 अगस्त को वह उसे इलाज के लिए अंबिकापुर लेकर आया और एक निजी अस्पताल में जांच कराए। यहां डॉ. आशीष जायसवाल ने जांच रिपोर्ट में सीआरपी बढ़ा हुआ, खून में इंफेक्शन और हार्ट में सूजन होना बताया, और भर्ती कराने पर 3 दिन में 12 से 14 हजार रुपये अनुमानित खर्च होने की जानकारी दी। पैसे और रुकने की व्यवस्था नहीं होने के कारण वे उसे अगले दिन लेकर आने की बात कहकर घर लौट गए। इसके बाद 10 अगस्त को काजल को उसी अस्पताल में भर्ती कराया।
तुम्हारे हिसाब से अस्पताल नहीं चलेगा
अमित के अनुसार भर्ती करने के बाद 11 अगस्त को अस्पताल के कर्मचारी ने उन्हें 7900 रुपये जमा करने के लिए कहा गया। आरोप है कि, इसके बाद दवा का बिल मांगने पर नहीं दिया गया और कहा गया कि तुम्हारे हिसाब से अस्पताल नहीं चलेगा। रुपये जमा करने के बाद जब उन्होंने दूसरी जगह इलाज कराने के लिए छुट्टी मांगी तो डॉक्टर इधर-उधर हैं, कहकर छुट्टी नहीं दी गई। इसी बीच शाम को उसकी पत्नि को सांस लेने में परेशानी होने लगी। मुंह से सफेद झाग और खून आने लगा। बेहोशी की हालत में रात 09 बजे इन्हें 1900 रुपये जमा कराने के बाद मरीज को ले जाने के लिए कहा गया। पीड़िता को एम्बुलेंस से रात 09.30 बजे वे होलीक्रॉस अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा कक्ष में डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गलत इलाज का जताया संदेह
अमित ने गलत इलाज के कारण पत्नि की मौत होने का आरोप लगाते हुए संदेह व्यक्त किया है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर लनी है, और मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आगे की पड़ताल करेगी।

Spread the love