लुण्ड्रा। थाना क्षेत्र के ग्राम अमगांव में दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने 10 हजार रुपये नकद सहित 20 हजार का बर्तन पार कर दिया। घटना 10 अगस्त सुबह की है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम अमगांव निवासी नान कुमार मरावी सुबह 8 बजे मनरेगा के तहत पौधा रोपण के काम पर गया था, उनकी पत्नि आंगनबाड़ी सहायिका है, जो सुबह 9.40 बजे घर में ताला लगाकर अपने कार्यस्थल चली गई थी। चाबी घर के दीवार में रखी थी। सुबह 10.12 बजे गांव के मदन राम ने फोन करके बताया कि उनके घर का ताला खुला है और नीचे गिरा हुआ है। इसके बाद नान कुमार ने मदन को घर के अंदर जाकर स्थिति देखने कहा, लेकिन वह इसके लिए राजी नहीं हुआ। इसके बाद वह नान कुमार के पिता को चोरी की घटना से अवगत कराया और उनके साथ घर के अंदर गया तो अलमारी और पेटी का ताला टूटा हुआ था, चोरों ने पूरा सामान बिखेर दिया था। चोर अलमारी के लॉकर से नकद रकम 10 हजार रुपये, आधार कार्ड, पेन कार्ड, एटीएम कार्ड और पेटी से कांसा की थाली और लोटा 9 नग, कीमत 10 हजार रुपये ले गए थे। लुण्ड्रा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Spread the love