*यूथ लीडरशिप कोर्स के विद्यार्थियों ने 8 सेशन कर बढ़ाई जागरूकता*

अंबिकापुर। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा के लिए विद्यार्थियों ने जागरूकता अभियान चलाया। इसका नेतृत्व कंचन, माधुरी, अनुराग, निधि, कान्हा, सुप्रिया और सरस्वती ने किया। अभियान के तहत विद्यार्थियों ने 8 क्लास रूम सेशन आयोजित किए, जिसमें कुल 552 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अभियान का समापन 6 अगस्त को मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर नुक्कड़ नाटक के साथ हुआ।

विद्यार्थियों का उद्देश्य अपने साथियों के बीच जागरूकता फैलाना, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी टैबू को तोड़ना और परिसर को मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाना था। 

सत्रों में प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए सरकारी व्यवस्था, अस्पतालों की हेल्पलाइन और अन्य तंत्रों की जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक के बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियां कराईं जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी भावनाएं साझा कीं।

इस अवसर पर उपस्थित सोशल इनोवेशन एवं कम्युनिटी इंगेजमेंट सेल के संयोजक डॉ. दीपक सिंह ने कहा कि इस तरह की विद्यार्थी-नेतृत्व वाली गतिविधियां महाविद्यालय के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की परिकल्पना को साकार कर रही हैं। प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि ऐसी गतिविधियां परिसर में सकारात्मक वातावरण बना रही हैं और विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाकर उनके सपनों को पूरा करने में मददगार साबित होंगी। मुहिम फाउंडेशन की निदेशक आकृति ने कहा कि युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं अक्सर सामाजिक टैबू के कारण खामोश रह जाती हैं। यूथ लीडरशिप एंड कम्युनिटी एक्शन कार्यक्रम के माध्यम से ये विद्यार्थी आत्मविश्वासी चेंजमेकर बनकर उभरे हैं। कार्यक्रम में मुहिम फाउंडेशन से रोस और ऋषिकेश भी उपस्थित रहे।

Spread the love