दरवाजे का लॉक तोड़कर घुसे, खिड़की का ग्रिल तोड़कर भागे, सीसीटीव्ही का डीवीआर भी ले गए  

अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनेन्द्रगढ़ रोड में स्थित कोणार्क रेसीडेंसी में राष्ट्रीय राजमार्ग में पदस्थ सब-इंजीनियर रितेश कुमार सिंह के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने करीब 20 लाख रुपये का सोने-चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपये नकद पार कर दिया। चोर बाउंड्री लांघकर अंदर प्रवेश किए थे, जिस कारण कॉलोनी में रहने वाले लोगों को चोरी की भनक नहीं लग पाई। घटना से पूरा परिवार व्यथित है।
जानकारी के मुताबिक, रितेश सिंह 01 अगस्त, शनिवार को अपनी पत्नी के साथ बनारस स्थित काशी विश्वनाथ दर्शन करने के लिए शाम करीब 4.30 बजे निकले थे। घर में उनकी मां और बच्चे थे, जो अकेले रहने के कारण शनिवार की शाम को करीब 07 बजे नमनाकला स्थित पुराने घर में चले गए। 03 अगस्त, सोमवार की रात करीब 8.30 बजे जब वे घर लौटे तो बाउंड्री से लगे गेट में ताला पूर्ववत लगा था। अंदर आने के बाद जब उन्होंने घर के मुख्य प्रवेश द्वार को खोलने का प्रयास किया, तो पता चला कि दरवाजा अंदर से बंद है। मकान का अवलोकन करने पर पता चला कि, चोर मुख्य द्वार का सेंटर लॉक बलपूर्वक उखाड़कर अंदर प्रवेश किए थे और तीनों बेडरूम की आलमारियों का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये का जेवरात और 25 हजार रुपये नकद ले गए थे। सूचना पर मंगलवार की सुबह पुलिस, स्निफर डॉग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। स्निफर डॉग खेत तक जाने के बाद भटक गया। पुलिस टीम ने मौके से फुट और फिंगर प्रिंट लिए हैं, और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।
खिड़की का ग्रिल तोड़कर निकले चोर
सूने मकान को आराम से खंगालने के बाद चोर बैठक रूम से लगे बेडरूम की खिड़की का ग्रिल तोड़कर भागे। जाते समय बाक्स के अंदर पूरी तरह से सुरक्षित सीसीटीव्ही का डीबीआर भी निकाल कर ले गए। कॉलोनी के अंदर चोरों के द्वारा खेत की ओर से प्रवेश करने की संभावना को बल मिल रहा है, क्योंकि कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर 24 घंटे सुरक्षा प्रहरी की मौजूदगी बनी रहती है। वहीं बाहरी आने-जाने वाले लोगों की एंट्री भी गार्ड के द्वारा की जाती है।
रेकी के बाद चोरी की संभावना
सब इंजीनियर और परिवार के सदस्यों के द्वारा चोरी की वारदात को रेकी के बाद अंजाम देने की संभावना व्यक्त की जा रही है। चोर को इस बात की जानकारी थी कि, सब इंजीनियर दंपति के बनारस जाने के बाद उनकी मां और बच्चे पुराने घर में चले गए हैं। ऐसे में उन्हें चोरी का भरपूर मौका मिला और वे बाउंड्री के रास्ते से अंदर प्रवेश करने के बाद अंदर के सभी कमरों के दरवाजे का लॉक तोड़कर घटना को अंजाम दिए।
पहले भी हो चुकी है लाखों की चोरी
सब इंजीनियर रितेश कुमार सिंह ने बताया कि कॉलोनी में बीते वर्ष भी जून माह में 30 लाख से अधिक की चोरी की वारदात हो चुकी है। चोरों ने सेवानिवृत परियोजना अधिकारी के मकान को निशाना बनाया था। वे अपनी बेटी के विवाह के लिए जेवर संजोकर रखे थे, जिसे चोरों ने पार कर दिया था। घटना में पेशेवर चोर गिरोह के लोगों के होने की संभावना भी कॉलोनी वासी जता रहे हैं। देखना यह है कि, पुलिस चोरों तक पहुंचने में कब तक सफल हो पाती है।

Spread the love