अंबिकापुर। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ सरगुजा संभाग के प्रभारी सुरेंद्र साहू एवं सह प्रभारी स्वतंत्र मिश्रा ने महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने समाज सेवा, जनकल्याण एवं एनजीओ की भूमिका से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बातचीत के दौरान सामाजिक संगठनों की सहभागिता बढ़ाने, जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सामाजिक विकास के क्षेत्र में एनजीओ की सक्रिय भूमिका को लेकर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को अवगत कराया कि सरगुजा संभाग में विभिन्न सामाजिक संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और बाल कल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे हैं। इन संगठनों को शासन की योजनाओं से जोड़कर जमीनी स्तर पर बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। मंत्री ने समाजहित में कार्यरत संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शासन एवं सामाजिक संगठनों के समन्वय से जनकल्याण के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें एनजीओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिनिधिमंडल ने समाज सेवा एवं जनहित के कार्यों में निरंतर सहयोग का विश्वास व्यक्त किया।

Spread the love