अंबिकापुर। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की पिटाई कर दी। पति ने अपनी पत्नी व उसके प्रेमी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, प्रह्लाद यादव ग्राम लुरैना का रहने वाला है, उसकी पत्नी बिफईया यादव करीब 15 दिन पहले बिना बताए घर छोड़कर चली गई थी। बाद में पता चला कि वह ग्राम परपटिया चोटईयापारा निवासी पारस यादव के साथ रह रही है। 30 जुलाई की सुबह करीब 7.30 बजे वह अपने परिचित जमुना यादव और कृष्णा यादव के साथ पारस यादव के घर में बातचीत और फैसला कराने जा रहा था। रास्ते में पारस यादव मिल गया। प्रह्लाद ने उससे पत्नी के संबंध में बात करके आपसी समझौते का आग्रह किया। इस पर पारस यादव भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान प्रह्लाद की पत्नी भी वहां पहुंच गई, इसके बाद वह प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति से गालीगलौज और मारपीट करने लगी। पारस यादव ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ की हथेली में चोट आई है। साथ गए जमुना व कृष्णा यादव ने बीच-बचाव किया।

Spread the love