अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रनपुरकला की एक महिला ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और घर में बंधक बनाने का आरोप लगाया है। महला ने आरोप लगाया है कि, उस पर ससुराल वाले चरित्रशंका करते हैं। पीड़िता ने गांधीनगर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर ली है।  
विवाहिता ने पुलिस को बताया है कि, 10 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे वह घर के आंगन में गाय को पानी पिलाने के बाद खड़ी थी। इसी दौरान उसका पति विजय शंकर यादव और जेठ टीकम प्रसाद यादव पहुंचे, और पति ने चरित्र पर संदेह जताते हुए गाली-गलौज करके डंडे से मारपीट किया। जेठ ने उसके पति को उकसाते हुए जान से मार देने की बात कही। महिला का आरोप है कि, शाम को पति घर आया तो माहौल सामान्य था, लेकिन रात को जेठ ने पुन: विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान उसकी सास सुकवरिया यादव, जेठ इंद्रजीत यादव और चाचा ससुर प्रभु यादव भी उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे।
शिकायत में महिला ने कहा है कि रात को वह डर के कारण गांव के अयोध्या प्रसाद यादव के घर चली गई थी, लेकिन वहां से उसे जबरन घर ले गए और फिर मारपीट किया। इसके बाद घर के बाहर ताला लगा दिया गया और दीवार पर सीढ़ी लगाकर ऐसा माहौल बनाया गया, जिससे उस पर चोरी का आरोप लगाया जा सके। अगले दिन 11 जुलाई को उसके पिता पारसनाथ यादव पुलिस के साथ पहुंचे, तब उसे घर से बाहर निकाला गया। मारपीट में उसके दोनों पैर, जांघ, पीठ, सिर और हाथ में चोटें आई हैं। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में पति विजय शंकर यादव, सास सुकवरिया यादव, जेठ टीकम प्रसाद यादव, इंद्रजीत यादव, चाचा ससुर प्रभु यादव तथा होनेश्वर यादव के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

Spread the love