रिस्पांस टाइम बेहतर करने ड्यूटी में नशा और मिसयूज पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

अंबिकापुर। आधुनिक सुरक्षा तकनीक, सीसीटीवी कैमरे से लैस आपातकालीन सेवा डॉयल 112 वाहनों के कार्यप्रणाली के साथ-साथ उनके रिस्पांस टाईम संबंधी विषयों की अद्यतन स्थिति के बारे में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने रेंज के सभी नोडल अधिकारियों व डिस्ट्रिक्ट कोऑडिनेशन सेंटर के कर्मचारी सहित ड्यूटी में तैनात जवान व वाहन चालकों से वीसी के माध्यम से जानकारी ली।
आईजी ने कहा कि आपातकालीन सूचना मिलते ही रिस्पांस टाइम की महत्ता को समझते हुए तत्परता से घटना स्थल पहुंचकर जनसेवा की भावना से लोगों की सहायता करें। डॉयल 112 वर्तमान में पुलिस की त्वरित कार्रवाई का मुख्य अंग बन चुका है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से कहा कि जो भी इस आपातकालीन सेवा वाहन कर्मचारी हैं, विशेषकर ड्यूटी में तैनात कर्मचारी सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन जन सेवा की भावना के साथ तत्परता से करें और आम नागरिकों के बीच अपनी अच्छी छवि बनाएं।
उन्होंने सरगुजा रेंज के दो सफल रेस्क्यू का उदाहरण देते हुए कहा कि, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एनीकट में डूब रहे युवक को स्थानीय लोगों और डॉयल 112 स्टाफ की तत्परता से बचाया गया। जशपुर जिला के लोरो घाटी में अनियंत्रित वाहन रेलिंग तोड़कर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। डॉयल 112 की टीम ने कटर मशीन से केबिन काटकर चालक, मालिक और हेल्पर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। आईजी ने कहा कि डॉयल 112 वाहनों का निजी कार्य में उपयोग न हो, बिना सूचना मिसयूज न हो। आईजी ने आपातकालीन सेवा डॉयल 112 वाहन में कार्यरत कर्मचारी, वाहन चालकों से वाहनों के बेहतर परिचालन व रख-रखाव संबंधी विषयों पर निर्देश दिए और कहा कि आपातकालीन वाहन का व्यक्तिगत किसी निजी कार्य में उपयोग नहीं किया जाए। बिना किसी आपातकालीन सूचना के इस वाहन का मिसयूज नहीं होना चाहिये। आपातकालीन सेवा में तैनात कोई भी कर्मचारी नशे का सेवन न करे, जिससे कोई अप्रिय स्थिति निर्मित हो। ऐसा कृत्य कार्य करने व जनता के बीच अनुसाशनहीनता परिलक्षित पाये जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई होगी।

Spread the love