अंबिकापुर। शहर के खेलप्रेमियों, जनप्रतिनिधि और नागरिकों की मांग पर संवेदनशील रुख रखते हुए सरगुजा संभाग के आईजी दीपक कुमार झा ने पुलिस लाइन मैदान में विभाग के आवासीय परिसर निर्माण की योजना को अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया है। करीब एक माह पूर्व मैदान के उत्तरी भाग में विभाग के आवासीय भवन के लिए भूमिपूजन का कार्य हुआ था, इससे मैदान के अस्तित्व को खतरा पैदा हो गया था। अंबिकापुर शहर के उत्तरी भाग के 10 वार्डों के लिए यही एकमात्र खेल मैदान है। भूमिपूजन के उपरांत क्षेत्र के खेलप्रेमी युवा एवं नागरिकों ने कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रजनीश सिंह के साथ सरगुजा आईजी से मिलकर मैदान को बचाने की गुहार लगाई थी। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी इस बाबत चर्चा आईजी से की थी। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने आवासीय परिसर के निर्माण स्थल को बदल दिया है, जिससे पुलिस लाइन मैदान का अस्तित्व बना रहेगा। सरगुजा आईजी के मानवीय और संवेदनशील रवैये की नागरिकों और खेलप्रेमियों ने सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।      

Spread the love