सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कलेक्टर, एसपी, मजदूरों से चल रही पूछताछ
जमीन लीज में लेकर झारखंड का व्यक्ति करवा रहा अवैध कारोबार

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में दुर्ग के बाद सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले में भी बड़े पैमाने पर अफीम की खेती करने का मामला सामने आया है। कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत  ग्राम त्रिपुरी के सरनाटोली क्षेत्र में गांव से दूर जंगल के किनारे साढ़े तीन एकड़ से अधिक जमीन पर अफीम की फसल उगाई जा रही थी। खेत में अफीम की फसल पूरी तरह तैयार हो गई थी और डोडों में चीरा भी लगाया गया है। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा, पुलिस अधीक्षक वैभव वैंकर टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने दो-तीन मजदूरों को हिरासत में लिया है, और पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम त्रिपुरी में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती करने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद मंगलवार को कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। ग्रामीणों को अफीम की खेती होने की जानकारी तो थी, लेकिन यह अवैध है इसकी जानकारी नहीं थी। हाल में दुर्ग में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में मक्का के आड़ में अफीम की खेती का मामला सामने आया था। इस मामले में हुई कार्रवाई के बाद लोगों को अवैध तरीके से अफीम की खेती का पता पता चला और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। भूमि स्वामी रूप देव पिता ठाकुर भगत, कौशिल पिता रुघू की 3 एकड़ 54 डिसमिल जमीन को झारखंड का एक व्यक्ति लीज में लिया था, जिसमें अवैध रूप से अफीम की खेती करवाई जा रही थी। पुलिस और प्रशासन की टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खेत को किसने लीज में लिया था। मौके से पुलिस टीम ने बड़ी मात्रा में सूखे डोडे बरामद किए हैं, जिसमें खसखस भरे हुए हैं। अफीम के तैयार डोडों में चीरा लगाने से अनुमान लगाया जा रहा है कि अफीम निकाला जा रहा था। पूरे एरिया को सील करके पुलिस इसमें शामिल लोगों को खंगालने में लगी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बोला हमला
बलरामपुर में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि मैंने पहले ही कहा था कि दुर्ग तो महज पर्दाफाश की शुरुआत थी। अफीम सहित सूखे नशे का कारोबार सुनियोजित तरीके से मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के संरक्षण में चल रहा है। दुर्ग में जो भाजपा नेता अफीम की खेती करते पकड़ा गया, उसे विष्णुदेव सरकार ने मुख्य आरोपी तक नहीं बनाया, यह खेल बड़ा है। पूरी भाजपा नशे के कारोबार में लिप्त है।

Spread the love