पंडो भूमि मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री के बयान से आक्रोश, नवापारा चौक पर जमकर नारेबाजी
लखनपुर। लखनपुर क्षेत्रांतर्गत कुन्नी के नवापारा चौक पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं पंडो समाज द्वारा पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का पुतला दहन किया। पुतला दहन करने पहुंचे भाजपा सरगुजा अजजा मोर्चा के कार्यकर्ता-पदाधिकारी एवं तीर-धनुष, फरसा लिए हुए पंडो समाज के लोगों ने इस दौरान जमकर नारेबाजी की और पुतले पर जूता-चप्पल फेंकते हुए उसे आग के हवाले कर दिया।
बता दें कि राजाकटेल गांव में विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो के जमीनों को एक विशेष समुदाय द्वारा कब्जा करने के मामले में पंडो जनजाति के लोगों को उनका अधिकार दिलाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया द्वारा पहल की गई थी, जिस पर इनकी भूमि वापसी की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। इसी बीच पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का वक्तव्य कि वे गौचर भूमि में काबिज हैं, से आहत जनजाति समाज में भारी असंतोष है। पुतला दहन में पहुंचे भाजपा सरगुजा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिंदेश्वरी लाल पैकरा ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति में टीएस बाबा असहाय पंडो जनजाति के दर्द को राजनैतिक चश्मे से देख रहे हैं, वे अब भी नहीं चेते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे कई प्रकरण हैं जहां कांग्रेस के तुष्टिकरण की राजनीति से भयभीत होकर आदिवासी वर्ग अपनी व्यथा और पीड़ा बयान नहीं कर पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या विशेष संरक्षित जनजाति पंडो समाज के लोगों को बुलाकर टीएस बाबा ने कभी पूछा कि उनको क्या दिक्कत है? तुष्टिकरण का खेल करने वाली आदिवासी विरोधी कांग्रेस को जनता समझ चुकी है। टीएस बाबा का एकपक्षीय बात आदिवासी समाज को आहत करता है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि कांग्रेस आदिवासी समाज का उपयोग केवल वोट बैंक के लिए करती है। विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदर भगत, भाजपा मंडल अध्यक्ष रविशंकर, रविकांत उरांव, कमलेश टोप्पो, सुख साय पोर्ते, डॉ. शिवमंगल सिंह सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, पंडो समाज के पुरुष महिला उपस्थित थे।

Spread the love