पूर्व में दर्ज रिपोर्ट को गंभीरता से नहीं लेने के कारण आरोपियों का बढ़ा हौसला

अंबिकापुर। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन में पूर्व में किए गए तोड़फोड़ के बाद किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई पुलिस के द्वारा नहीं किए जाने से पास ग्राम सहनपुर की सरपंच के पति सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों ने पुन: देर रात भवन को क्षतिग्रस्त कर दिया। लुण्ड्रा थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है। घटना की जानकारी प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम अगासी चन्द्रडीपा में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण किया जा रहा है, जिसे ग्राम सहनपुर के ग्रामीणों द्वारा बार-बार तोड़ दिया जा रहा है, जिससे लाखों रुपये शासकीय धन की बर्बादी हो रही है। ग्राम पंचायत अगासी के सरपंच शिव सागर पिता नारायण राम ने पुलिस को बताया है कि निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन को ग्राम पंचायत सहनपुर की सरपंच प्रमिला खाखा के पति देवशरण खाखा (गोगा), कुवर साय नगेशिया, विक्की जायसवाल, जगदीश राम, बाली यादव, तुला राम ठाकुर एवं दीनानाथ नगेशिया के द्वारा 21 जनवरी को रात लगभग 12 बजे तोड़फोड की घटना को अंजाम दिया। ग्राम अगासी के सरपंच ने बताया है कि निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचे जगदीश राम एवं तुला राम ने ग्राम अगासी के उप सरपंच से फोन कर बात करने के बाद यहां लगे बिजली बल्ब को नोच दिया और बली यादव ने जल्दी-जल्दी तोड़फोड़ करने कहा। इसके बाद सभी सब्बल, गैंती, टांगी से भवन को क्षतिग्रस्त करने लगे, जिसमें एक लाख 70 हजार रुपये की क्षति पहुंची है। घटना के समय निर्माण कार्य स्थल पर निगरानी के लिए कुछ ग्रामीण घूम भी रहे थे, जिन्होंने इस नजारे को देखा। पूर्व में एक जून 2025 को तोड़फोड़ की शिकायत थाना लुण्ड्रा में की गई थी, लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नही होने से इनका मनाबल बढ़ गया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 190, 191(2), 191(3), 324(5) का मामला दर्ज किया है

Spread the love