मरीजों का कुशलक्षेम जानकर घायलों को 5-5 हजार रुपये सहायता राशि प्रदान क
अंबिकापुर। बीते दिनों छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर महुआडांड़ के ओरसा घाट में हुए भीषण बस हादसे में घायल मरीजों से मिलने शुक्रवार को कृषि मंत्री रामविचार नेताम मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे। उन्होंने मरीजों एवं उनके स्वजन से मुलाकात करके उनका कुशलक्षेम जाना और भर्ती 14 पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए  उन्हें 5-5 हजार रुपये सहायता राशि प्रदान की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों हेतु व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का अवलोकन किया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को, अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.सी. आर्या, सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी ने घायलों को दी जा रही चिकित्सा सुविधा और उनकी स्थिति से अवगत कराया। वर्तमान में यहां 14 घायलों का उपचार चल रहा है, सभी मरीजों की स्थिति बेहतर है। श्री नेताम आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों को देखने के लिए पहुंचे, इनका उपचार चिकित्सकों की सतत निगरानी में चल रहा है। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों से इलाज की स्थिति के बारे में पूछा तथा हरसंभव चिकित्सा सहायता और सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने अस्पताल अधीक्षक एवं सिविल सर्जन को निर्देश दिए। अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि भर्ती सभी मरीजों की  स्थिति खतरे से बाहर है। पूर्व में भर्ती मरीजों में से 21 मरीजों को सफल उपचार पश्चात छुट्टी देकर उन्हें घर भेज दिया गया है, 3 मरीजों को रायपुर रेफर किया गया है।
मरीजों और उनके संबंधियों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र से नायक समाज के लोग पारिवारिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बस में भरकर जा रहे थे। झारखंड के गुमला, महुआडांड के पास हुए दुखद हादसे में अभी तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, कई घायल हुए हैं। हादसे की खबर मिलने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा की थी और झारखंड प्रशासन से संपर्क करके हरसंभव मदद का आग्रह किया था। झारखंड प्रशासन ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए न सिर्फ घायलों को घटनास्थल से घायलों को अस्पताल भिजवाया, घायलों को किस प्रकार के इलाज की जरूरत है, इसे ध्यान में रखते हुए समुचित उपचार की सुविधा विभिन्न अस्पतालों में उपलब्ध कराई। पार्टी के कार्यकर्ताओं, बलरामपुर जिला, पुलिस प्रशासन और अस्पताल पबंधन ने भी लाए गए घायलों को त्वरित उपचार सुविधा उपलब्ध कराया था। कई घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में शिफ्ट किया गया था। इनकी स्थिति से अवगत होने वे अस्पताल पहुंचे थे। यहां सीएमएचओ, सीएस के साथ पूरी टीम का सहयोग मिल रहा है। श्री नेताम ने कहा कि पारिवारिक कार्यक्रम में जा रहे लोग काफी गरीब परिवार से संबंध रखते हैं। सभी जल्दी स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे, ईश्वर से यही प्रार्थना है। इस दौरान भाजपा नेता व ट्रक मालिक संघ के रविन्द्र तिवारी, राजकुमार बंसल के अलावा अस्पताल के अन्य चिकित्सक व स्टाफ उपस्थित रहे।  

Spread the love