अंबिकापुर। गुदरी बाजार में टमाटर लेने के लिए झुका युवक अचानक गिरकर अचेत हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी मौत हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पतराटोली सलका का रामलखन चैधरी पिता शिवबालक चैधरी 37 वर्ष, गुरूवार को अपरान्ह करीब 3.30 बजे अपने घर में अंबिकापुर जाने और गुदरी बाजार से सब्जी लेकर आने की बात कहकर निकला था। अंबिकापुर आने के बाद युवक गुदरी बाजार गया और एक सब्जी विक्रेता के पास रूककर टमाटर का भाव पूछा और टमाटर छांटने के लिए नीचे झुकने के साथ औंधे मुंह गिर गया। इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अचेत अवस्था में पड़े युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, यहां जांच, इलाज के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को मर्च्युरी में रखवाया था, और युवक के जेब से मिले आधार में दिए गए नाम, पता के आधार पर स्वजन के आने का इंतजार कर रही थी। शुक्रवार को मृतक के स्वजन अंबिकापुर पहुंचे। शोकाकुल स्वजन मृतक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। पुलिस ने इन्हें समझाइश देकर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया, ताकि मृत्यु का वास्तविक कारण सामने आ सके। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। घटना से मृतक के स्वजन सदमे में हैं।

Spread the love