आजाद सेवा संघ ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर की प्रभावी कार्रवाई की मांग

अंबिकापुर। शहर की यातायात व्यवस्था को चुनौती देने वाली ‘स्टंटबाजीÓ और रिहायशी इलाकों में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को देखते हुए आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने सरगुजा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर शहर की शांति व्यवस्था बहाल करने हेतु त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
संघ द्वारा बताया गया है कि विगत वर्ष स्कूली छात्र-छात्राओं के द्वारा स्कूल में आयोजित विदाई समारोह कार्यक्रम में चारपहिया वाहनों के साथ काफिला के साथ इमरजेंसी सायरन, हूटर का उपयोग करके सामने आए थे। इसकी पुनरावृत्ति नए वर्ष में न हो, इस पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने बताया है कि वर्तमान में शैक्षणिक सत्र की समाप्ति होगी और स्कूलों में विदाई समारोह जैसे आयोजन होंगे। नाबालिग और युवा छात्र गाड़ियों का काफिला के बीच तेज रफ्तार में सफर न करें, ओवरटेकिंग और सड़कों के बीच खतरनाक स्टंट जैसी हरकत न करें, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश स्कूल प्रबंधन को दिए जाने की जरूरत हैं। निजी वाहनों में अवैध तरीके से लगाए जाने वाले इमरजेंसी सायरन और हूटर का उपयोग प्रतिबंधित किया जाना भी जरूरी है। ऐसे काफिले के कारण अक्सर गंभीर मरीजों को ले जा रही एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनें घंटों जाम में फंसे रह जाती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मोटर यान अधिनियम की तहत दोषियों और इनके अभिभावकों के विरूद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करते हुए अवैध सायरन व हूटर लगे वाहनों को जब्त किया जाए। आजाद सेवा संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि आगामी विदाई समारोहों के दौरान सड़कों पर अराजकता का माहौल देखने को मिलता है तो संघ जनहित में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान नितिश पटेल, सक्षम कश्यप, उत्कर्ष पांडे, अभिजीत उपस्थित रहे।  
गांधीनगर थाना क्षेत्र में अपराध का ग्राफ बढ़ा
ज्ञापन में गांधीनगर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया है। रचित मिश्रा ने एसएसपी को अवगत कराया कि थाना क्षेत्र के रिहायशी इलाकों में वर्तमान में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा काफी बढ़ गया है। देर रात नशीले पदार्थों का सेवन कर गलियों में हुड़दंग मचाना, स्थानीय निवासियों के घरों की घंटी बजाकर भागना और महिलाओं व बुजुर्गों के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग करना आम हो गया है। क्षेत्र में हाल ही में हुई बड़ी वारदातों के मद्देनजर नागरिकों में भय व्याप्त है। संघ ने मांग की है कि रात्रि 10 बजे के बाद क्षेत्र के आंतरिक मार्गों और मोहल्लों में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इन मांगों को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए आश्वस्त किया कि शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने तत्काल संबंधित थाना प्रभारियों को ‘सरप्राइज चेकिंग’ और सख्त कार्रवाई हेतु निर्देशित करने की बात कही है।

Spread the love