बलरामपुर। सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज जिला अंतर्गत बरियों पुलिस चौकी क्षेत्र के भिलाई खुर्द ग्राम में क्रशर संचालकों के द्वारा पोकलेन मशीन में काम करने वाले ऑपरेटर और इसी प्लांट में काम करने वाले कर्मचारी की अर्धनग्न हालत में बांधकर निर्मम मारपीट की गई। दिल दहला देने वाली तस्वीर और वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पेट्रोल-डीजल चोरी करने के संदेह पर इनके साथ मानवता को झकझोर देने जैसा कृत्य करना बताया जा रहा है, जैसा कि वीडियो में सुनने को भी मिल रहा है।
बता दें कि जिले में इन दिनों दबंगई और गुंडाराज के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसके पहले उप निरीक्षक के द्वारा मारपीट का विडियो सुर्खियों में रहा, अब एक और शर्मनाक विडियो सामने आया है, जिसमें दबंगों के द्वारा युवकों को बांधकर अर्धनग्न अवस्था में मारा जा रहा है। बरियों पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम भिलाई खुर्द में कुछ दबंग युवकों के द्वारा इस प्रकार की हरकत को अंजाम दिया गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक के हाथों में पाइप फंसाकर उसे डंडे और लातों से निर्ममता पूर्वक कैसे मारपीट किया जा रहा है। पुलिस इस मामले में अपराध कायम कर कुछ लोगों को हिरासत में ली है और पूछताछ कर रही है।
बरियो चौकी प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान हो गई है। पीड़ित युवक ग्राम बघिमा का है। इधर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखने के बाद लोगों का कहना है कि इलाके में कई क्रशर संचालक इस तरह की दबंगई करते हैं और मजदूरों को डराकर रखते हैं। पूर्व में भी ऐसा मामला सामने आया है, लेकिन धन-बल के बीच गरीबों की गुहार दब जाती है। चोरी जैसे शंका-संदेह की स्थिति में क्रशर संचालक चाहें तो पुलिस का सहयोग ले सकते हैं, लेकिन मानवता को तार-तार करते हुए बेरहमी पूर्वक मारपीट जैसी घटना को अंजाम देना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है, ऐसे लोगों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।  

Spread the love