अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस व सरगुजा जिले के स्वैच्छिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में संचालित नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा ने बाल संप्रेक्षण गृह के किशोर बालकों के व्यवहार परिवर्तन के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए नशामुक्ति, यातायात, व्यवहार परिवर्तन तथा व्यक्तित्व विकास विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया।
मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने अपने उद्बोधन में कहा कि आप सभी को मालूम होगा कि बाल संप्रेक्षण गृह क्यों बनाया गया है। आप सभी अलग-अलग कारणों से यहां पहुंचे हैं, सभी को आगे एक बेहतर इंसान बनना होगा। अपराधिक प्रवृतियों में लिप्त लोगों का अंत अच्छा नहीं होता है इसलिए आप सभी बीती बातों को भूलकर आगे अपने लक्ष्य को निर्धारित कर सकारात्मक हस्तक्षेप करेंगे। नवा बिहान संयोजक वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय ने नशे की लत, नशे के विभिन्न प्रकार एवं नशे के दुष्प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। अनिल कुमार मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि किशोरों एवं युवाओं को यदि अपराधिक प्रवृतियों से दूर रहना है तो स्वयं से अनुशासित एवं नियंत्रित होना पड़ेगा। वरिष्ठ समाजसेवी मनोज भारती ने किशोरों को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग आज यहां हो तो आपके माता-पिता को दु:ख होता होगा। मां-बाप से बढ़कर कोई आपका हितैषी नहीं है। आप सभी भविष्य में माता-पिता के इच्छा के अनुरूप कार्य करेंगे। उपनिरीक्षक यातायात अभय तिवारी ने यातायात के प्रावधानों को अनदेखा कर वाहन चलाने के दुष्परिणामों को आंकड़ों सहित प्रस्तुत किया। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट के वाहन नहीं चलाने एवं बिना लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने की समझाईश दी। बाल संप्रेक्षण गृह के हाउस कीपर मनीष कुशवाहा ने कार्यक्रम का संचालन व अधीक्षिका मधुमती सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान के सदस्यों में वरिष्ठ समाजसेविका वन्दना दत्ता, हिना खान, सुनिधि शुक्ला, बाल सम्प्रेक्षण गृह की परीवीक्षा अधिकारी शमा नूरी, आरती लकड़ा, मनरंजन साहू, काउन्सलर अंकित गुप्ता, हाउस फादर विरेन्द्र तिर्की, गार्ड एवं रसोइया उपस्थित  रहे।

Spread the love