अंबिकापुर। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के अवसर पर सरगुजा पुलिस द्वारा ट्रैफिक एडवायजरी जारी की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शहर के प्रमुख व्यवसायिक मार्गों को जाम मुक्त रखकर सुगम यातायात की व्यवस्था देने के निर्देश दिए हैं। शहर में कुल 08 पार्किंग स्थल का निर्धारण किया गया है, जहां यातायात पुलिस एवं फिक्स पिकेट का अमला रहेगा। ट्रैफिक एडवायजरी 18 से 20 अक्टूबर के लिए जारी की गई है, और आम नागरिकों से इसका पालन करने का आग्रह किया है।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी धनतेरस एवं दिनांक दीपावली त्यौहार के अवसर पर खरीददारी हेतु शहर में आम जनता की होने वाली भीड़ के बीच प्रमुख व्यवसायिक मार्गों में यातायात जाम की स्थिति न बने, इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने शहर में जाममुक्त यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। इसके परिपालन में शहर के चौक-चौराहों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध के साथ आउटर पेट्रोलिंग, नाकाबंदी का भी ध्यान रखा गया है।
तीन-चार पहिया वाहन हेतु प्रतिबंधित मार्ग
देव होटल से महामाया चौक, अग्रसेन चौक से थाना चौक, ब्रम्ह मंदिर मोड़ से संगम चौक, थाना चौक से महामाया चौक, गुदरी चौक से संगम चौक की ओर चार पहिया, तीन पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था का निर्धारण
गांधी चौक से घड़ी चौक की ओर आने वाली वाहनें कलाकेन्द्र मैदान व सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में रोड़ के दोनों तरफ, ब्रम्ह मंदिर तिराहा की ओर से आने वाले वाहन सत्तीपारा मार्ग से कलाकेन्द्र मैदान, सभी टू-व्हीलर वाहन निशांत मेडिकल के बगल में, अग्रसेन चौक व नया बस स्टैण्ड से पूनम लॉज चौक की ओर आने वाली गाड़ी पुराना बस स्टैण्ड में, गुदरी चौक से गुरूनानक चौक की ओर आने वाली गाड़ी कोतवाली थाना के सामने रोड में दोनों तरफ, रामानुजगंज से आने वाली गाड़ी पुलिस लाइन ग्राउंड (पेट्रोल पम्प के बगल में) व मल्टीपरपज स्कूल मैदान में, अग्रसेन चौक से सदर रोड में आने वाली वाहन बरेज तलाब के बगल में, सद्भावना चौक से आने वाली गाड़ी सुदामा होटल के बगल रोड पर दोनों साइड पार्किंग होगी।
भारी वाहनों, यात्री बसों हेतु डायवर्सन व्यवस्था
मनेन्द्रगढ़ रोड़, बनारस रोड की ओर से आने वाले सभी यात्री बसें एवं अन्य फोर व्हीलर वाहन डायवर्ट मार्ग सांई मंदिर तिराहा, महापौर मार्ग, रावत रेसीडेंसी तिराहा, कन्या परिसर मोड, कन्या परिसर रोड होते गंगापुर मोड़, मासूम अस्पताल के पास रिंग रोड़, बस स्टैण्ड होते हुए गन्तव्य स्थान की ओर जाएंगे। गढ़वा रोड, प्रतापपुर रोड की ओर से आने वाली सभी यात्री बसें एवं अन्य फोर व्हीलर वाहन डायवर्ट मार्ग रिंग रोड का प्रयोग करते हुए प्रतापपुर चौक, लरंगसाय चौक, चांदनी चौक, सद्भावना चौक, भारतमाता चौक, बस स्टैण्ड की ओर से गन्तव्य स्थान की ओर जाएंगे। रायगढ़ रोड, बिलासपुर रोड की ओर से आने वाले सभी यात्री बसें एवं अन्य फोर व्हीलर वाहन डायवर्ट मार्ग रिंग रोड का प्रयोग करते हुए भारतमाता चौक, लरंगसाय चौक, बिलासपुर चौक, बस स्टैण्ड, गंगापुर मोड़ की ओर से गन्तव्य की ओर जाएंगे। आपातकालीन सेवा संबंधी वाहन को अंबिकापुर शहर आने एवं बाहर जाने की छूट रहेगी।

Spread the love