पुल नहीं होने से बीमार महिला को गोद में लेकर नदी पार कराने की मजबूरी

सूरजपुर। जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम रसोंकी में बरगा नदी पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों की परेशानी एक बार फिर सामने आई है। गंभीर रूप से बीमार महिला अंजनी सिंह को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को उसे गोद में उठाकर नदी पार करानी पड़ी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।बताया जा रहा है कि महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाने के लिए ग्रामीणों ने पहले नदी तक पहुंचाया। बरगा नदी में पानी होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को गोद में उठाकर नदी पार कराई और दूसरी ओर एंबुलेंस तक पहुंचाया। बाद में महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।ग्रामीणों के अनुसार चांदनी बिहारपुर से उमझर होते हुए रसोंकी और आगे कोरिया जिले को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग है। उमझर के आगे सड़क कच्ची और खराब है। वहीं बरगा नदी पर पुल नहीं होने से बारिश के दिनों में नदी उफान पर आ जाती है और आवागमन पूरी तरह बंद हो जाता है।बारिश के दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के साथ-साथ बीमारी और आपात स्थिति में भी भारी परेशानी उठानी पड़ती है। एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाने के कारण मरीजों को कई बार कंधे, गोद या अन्य साधनों के सहारे नदी और खराब सड़क पार कर मुख्य मार्ग तक लाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बरगा नदी पर पुल निर्माण और उमझर के आगे पक्की सड़क बनाने की मांग की है, ताकि बरसात में क्षेत्र का संपर्क न टूटे और जरूरत के समय एंबुलेंस सहित अन्य वाहन गांव तक पहुंच सकें।

Spread the love