अंबिकापुर। नगर पालिक निगम अंबिकापुर में सोमवार को मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसी क्रम में महापौर कार्यालय से जारी एजेंडा में कुल 17 विषय रखे गए थे, जिन पर चर्चा के बाद अहम निर्णय लिया जाएगा। सबसे ज्यादा फोकस गरीब और बुजुर्गों की पेंशन योजनाओं पर है। बैठक में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन और मुख्यमंत्री विधवा पेंशन योजना के आवेदनों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा शहर के विकास और निगम की संपत्ति से जुड़े कई अहम प्रस्ताव पर मुहर लगी। कर्मचारी हित में भी बड़ा फैसला लिया गया। फायरमैन के पद पर कार्यरत गौरव पाठक और अनूप सिंह को सहायक राजस्व निरीक्षक के पद पर संविलियन करने के प्रस्ताव पर मुहर लगी। स्वच्छता को लेकर ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त करने, जलकर माफ करने और केदारपुर पानी टंकी के पुराने ऑफिस को जोन कार्यालय बनाने जैसे प्रस्ताव भी एजेंडा में प्रमुखता से शामिल किए गए। महाकुल समाज सेवा समिति को सामुदायिक भवन के लिए अनापत्ति देने पर भी चर्चा हुई। बैठक में महापौर की अनुमति से कुछ अतिरिक्त विषय भी लाए गए।

Spread the love