अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी जिला सरगुजा द्वारा 9 से 14 अगस्त तक चलने वाले तिरंगा यात्रा हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों को लेकर संकल्प भवन में जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष पर चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश भाजपा के सभी 16 मंडल अध्यक्षों को सौंपा गया। जिलाध्यक्ष सिसोदिया ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का महाअभियान है। समलाया मंडल के कार्यकर्ता समलाया मंदिर और महामाया मंडल के कार्यकर्ता मल्टीपरपज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में एकत्र होंगे। दोनों स्थानों से तिरंगा यात्रा शुरू होकर महामाया चौक पर मिलेगी और संयुक्त शोभायात्रा देवीगंज मार्ग से होते हुए स्वामी विवेकानंद चौक पहुंचेगी। महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि यह यात्रा नागरिकों में राष्ट्रप्रेम बढ़ाएगी। जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने बताया कि समरसता अभियान के जरिए गुरु रविदास के समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को घर-घर पहुंचाया जाएगा। बैठक में संतोष दास, निश्चल प्रताप सिंह भी उपस्थित थे। बैठक का संचालन अरुणा सिंह और आभार प्रदर्शन चंद्रिका यादव ने किया।

Spread the love