सूरजपुर। 17वें सीएससी दिवस पर राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में जिले के दो ग्राम स्तरीय उद्यमियों को उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन एवं उत्कृष्ट सेवा योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में शैलेन्द्र कुमार कुशवाहा एवं प्रशांत कुमार सरकार को ‘‘टॉप ट्रांजैक्टिंग वीएलई श्रेणी में सम्मानित किया गया। दोनों उद्यमियों ने कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय एवं डिजिटल सेवाएँ उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय कार्य किया है, जिसके फलस्वरूप उन्हें यह उपलब्धि प्राप्त हुई।

उल्लेखनीय है कि कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से आम नागरिकों को शासन की विभिन्न ऑनलाइन सेवाएँ, प्रमाण पत्र, बैंकिंग एवं अन्य नागरिक सुविधाएँ अपने ही गाँव में सहजता से उपलब्ध हो रही हैं। सूरजपुर जिले के वीएलई द्वारा इस दिशा में किए गए कार्य की राज्य स्तर पर सराहना की गई। दोनों वीएलई की इस उपलब्धि को  जिले एवं सीएससी परिवार के लिए गर्व का विषय बताया गया है। 

Spread the love