0  दहशत में बकीरामा के ग्रामीण

सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत बकीरामा क्षेत्र में एक हाथी की धमक ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले छह दिनों से लगातार उत्पात मचा रहा हाथी अब जंगल और खेतों से निकलकर रिहायशी इलाके तक पहुंच गया है। हाथी ने गांव में घुसकर तीन मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया औऱ आसपास के खेत व बाड़ी में लगी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है।

बताया गया है कि हाथी के लगातार गांव के आसपास मंडराने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग शाम होते ही घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और रातभर भय के साये में समय गुजारने को मजबूर हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि हाथी को जल्द जंगल की ओर नहीं खदेड़ा गया तो जनहानि की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने, हाथी के नजदीक नहीं जाने और किसी भी गतिविधि की तत्काल सूचना वन अमले को देने की अपील की गई है। टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसे सुरक्षित रूप से जंगल की ओर वापस भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल पूरे बकीरामा क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी को लेकर भय और सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

Spread the love