सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय में 15 दिवसीय मूल्य संवर्धन कक्षा का समापन  

अंबिकापुर। सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय, सुभाषनगर में 20 जुलाई से 05 अगस्त तक आयोजित 15 दिवसीय मूल्य संवर्धन कक्षा का समापन संकल्प दिवस के रूप में हुआ। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. श्रद्धा मिश्रा के मार्गदर्शन एवं विभागाध्यक्ष रानी रजक के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का विषय ‘मूल्यनिष्ठ शिक्षा एवं व्यक्तित्व निर्माणÓ रहा। समापन दिवस पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रदीप शर्मा, अमृता जायसवाल, सुधा तिवारी एवं अंजना तिवारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र एवं ध्यान से हुआ।
अमृता जायसवाल ने कहा कि जीवन में संघर्ष और धैर्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए। यह 15 दिन केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व, विचार और आचरण को बेहतर बनाने की यात्रा रही। इन 15 दिनों में प्रशिक्षणार्थियों ने सत्य, अनुशासन, समय प्रबंधन, सेवा, सहयोग, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, नैतिकता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों को सीखा। प्रदीप शर्मा ने आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर दिया। सुधा तिवारी ने समय सारणी, ईमानदारी, जिम्मेदारी और बहादुरी को जीवन में अपनाने की बात कही। अंजना ने कहा कि, आज समापन नहीं बल्कि नई शुरुआत है। परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। कार्यक्रम में उर्मिला यादव, मिथलेश गुर्जर, सविता यादव, सीमा बंजारे, ज्योत्स्ना राजभर, अर्चना सोनवानी, स्मिता सिन्हा, गोल्डन सिंह, अजीत परिहार, नितेश यादव सहित बी.एड प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
संकल्प के साथ हुआ समापन
प्राचार्य डॉ. श्रद्धा मिश्रा ने कहा कि आज संकल्प दिवस है। जो सीखा उसे जीवन में अपनाएं और छोटी-छोटी जिम्मेदारियों को पूर्ण करने का संकल्प लें। प्रशिक्षणार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। अंत में आभार ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Spread the love