भाजपा को मिली हार पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव का तीखा हमला

अंबिकापुर। मध्यप्रदेश के दतिया और बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मिली हार पर छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्राओं से बदसलूकी का असर जनता पर पड़ा है।
सिंहदेव ने कहा अंतत: पब्लिक की आवाज सामने आती है। बिहार के बांकीपुर में 3 दशक से चला आ रहा भाजपा के जीत का सिलसिला इस बार टूट गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में यदि चढ़ावे की चोरी हो रही है और वहां अपने चुनिंदा लोगों को बैठा रखा गया है तो इसका असर जनता पर जाएगा ही। मूर्ति स्थापना के समय मंच पर बैठे 5 में से 2 लोग उसी ट्रस्ट के सदस्य थे जिन पर मंदिर की व्यवस्था की जिम्मेदारी थी। यदि वहां ऐसा हो रहा है तो लोगों के बीच संदेश गलत जाएगा।
जंतर-मंतर की घटना ने बढ़ाया आक्रोश  
टीएस सिंहदेव ने कहा है कि जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक को लेकर विरोध कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग किया गया। बिना वर्दी वालों के हाथों में लाठियां दी गईं, पैलेट गन और टीयर गैस चलाई गई। बच्चियों के निजी अंगों पर लाठियों से वार किया गया। यही प्रतिक्रिया बांकीपुर और दतिया में दिखी है। ये आवाज दलगत भावना से ऊपर उठकर सामान्य जनता की है।
पर्दा उठने पर देश में आएगा बदलाव
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने पहले भी धर्म के नाम पर अपना असली चेहरा छिपाने की कोशिश की। राम मंदिर जिस लोकसभा में है वहां के लोगों ने पहचान लिया और भाजपा प्रतिनिधि चुनाव हार गए। उन्होंने चेतावनी दी कि ‘इन दो परिणामों से यह मानकर बैठ जाना कि भाजपा साफ हो गई, बहुत बड़ी गलती होगी। उन्होंने कहा देश के बाकी हिस्सों में अभी धर्म और धार्मिक भेदभाव के नाम पर पर्दा डला हुआ है, जब यह पर्दा उठेगा तभी देश में बदलाव आएगा।

Spread the love