अंबिकापुर। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि शिक्षण सत्र 2026-27 में जिले में संचालित 05 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के कक्षा 6 वीं में प्रवेश हेतु आयोजित प्राक्चयन परीक्षा का परिणाम घोषित किया जा चुका है। प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के बाद चयन सूची जारी की गई है। प्रवेश की अंतिम प्रकिया के तहत रिक्त सीटों के लिये 28 जुलाई से 01 अगस्त तक निर्धारित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों/काउंसलिंग केन्द्रों में द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग आयोजित की गई थी।
अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के ऑनलाइन काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया को दृष्टिगत रखते हुये द्वितीय चरण की काउंसलिंग किये जाने हेतु 03 अगस्त से 07 अगस्त तक ऑनलाइन काउंसलिंग की तिथि में वृद्धि किया गया है। द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग हेतु चयनित अभ्यर्थियों की सूची, काउंसलिंग केन्द्र एवं अन्य विस्तृत विवरण विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने कक्षा-6वीं में प्रवेश के लिये ऑनलाइन काउंसलिंग हेतु चयनित अभ्यर्थियों को सूचित करते हुए बताया कि वेबसाइट का अवलोकन कर ऑनलाइन काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन हेतु कक्षा 5वीं की मूल अंकसूची, मूल निवास प्रमाण पत्र, स्थायी जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड विशेष श्रेणी के अभ्यर्थी होने पर उक्त श्रेणी के संबंध में सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र आदि के साथ 07 अगस्त तक निर्धारित काउंसलिंग केन्द्र में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। काउंसलिंग से संबंधित समस्त प्रकार की सूचना वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट का अवलोकन करते रहने की सलाह दी गई है।

Spread the love