स्टेट बैंक रोड में सुबह 5.30 बजे की घटना, 50 लाख से अधिक के नुकसान की आशंका

बलरामपुर/रामानुजगंज। नगर के स्टेट बैंक रोड में स्थित एक बड़े कपड़ा व्यवसायी की दुकान में मंगलवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग में दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना 4 अगस्त के सुबह लगभग 5.30 बजे की है। सुबह टहलने निकले लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तत्काल दुकान संचालक निहाल जायसवाल को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और दुकान के भीतर रखा कपड़ा व अन्य सामान धू-धू कर जल रहा था।
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन फायर ब्रिगेड के वाहन का पानी समाप्त हो जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के पानी के टैंकर, बाल्टियों के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग इतनी भीषण थी कि आसपास की दुकानों में भी अफरा-तफरी मच गई। अग्निकांड के दौरान नगर पालिका के युवा पार्षद पवन गुप्ता, रवि रंजन पाल, अमित गुप्ता, रोहित गुप्ता सहित कई स्थानीय नागरिक मौके पर मौजूद रहे और आग बुझाने में सक्रिय सहयोग किया।
एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना
गौरतलब है कि रामानुजगंज नगर में एक सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रही अग्नि दुर्घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों ने फायर ब्रिगेड के संसाधन बढ़ाने और मार्केट में फायर सेफ्टी उपकरण अनिवार्य करने की मांग की है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।
आग बुझाने में आई दिक्कतें
सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची लेकिन आग विकराल हो चुकी थी। दमकल का पानी समाप्त होने के कारण चिंता की स्थिति बनी और आग पर काबू पाने के लिए लोग स्वस्फूर्त आगे आ गए। इनके द्वारा टैंकर और बाल्टियों से आग बुझाने का क्रम जारी रखा गया।

Spread the love