‘कहा-व्यसनी को अपराधी नहीं, बीमार मानकर करें व्यवहारÓ

अंबिकापुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा दादी प्रकाशमणि की पावन स्मृति में चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत नशामुक्त भारत अभियान का सरगुजा संभाग स्तरीय शुभारंभ शनिवार को नव विश्व भवन अंबिकापुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर सेवाकेंद्र की संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी विद्या, एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। कैबिनेट मंत्री ने ब्रह्माकुमारी अहिल्या को कलश एवं संजू को झंडा प्रदान कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि, युवा विकसित भारत के स्वप्न के आधार हैं, परंतु आज युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति हम सभी के लिए घोर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा हमें स्वयं भी नशे से बचना है, जो लोग नशा कर रहे हैं उन्हें अपराधी नहीं बीमार जैसा व्यवहार करके नशे के चंगुल से मुक्त कराना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान से जुड़कर नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने का आव्हान किया। ब्रह्माकुमारी विद्या ने बताया कि संस्थान द्वारा देशभर में 10 करोड़ लोगों से स्वयं नशा न करने और दूसरों को न करने देने की प्रतिज्ञा कराई जाएगी। इसके लिए संभाग के 250 से अधिक विद्यालयों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों, कार्यालयों एवं ग्रामों में नुक्कड़ नाटक, प्रेरणादाई उद्बोधन एवं अन्य माध्यमों से जागरूकता फैलाई जाएगी। सरगुजा संभाग में 1 लाख लोगों से प्रतिज्ञा कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा हमारा शरीर भी एक मंदिर है, जिसमें आत्मा रूपी देवता विराजमान हंै, इसलिए इसे नशे का भोग नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन को नशा मुक्ति का कारगर उपाय बताते हुए उपस्थित जनसमूह से नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा भी करवाई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने कहा कि आधुनिकता के नाम पर युवाओं को गलत दिशा में धकेला जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। आर्ट ऑफ लिविंग के अजय तिवारी ने सोशल पैरेंटिंग और ध्यान-मेडिटेशन को नशे से मुक्ति का मूल मंत्र बताया। कार्यक्रम में शैलेंद्र प्रताप सिंह, शैलेश सिंह, मंगल पाण्डेय एवं वंदना दत्ता ने भी विचार रखे। सहायक पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभाव पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। ब्रह्माकुमारी रेखा बहन ने प्रेरणादाई गीत एवं साहित्यकार संतोष दास सरल ने युवा की परिभाषा, कविता सुनाकर युवाओं में जोश भरा। कार्यक्रम का सफल संचालन ब्रह्माकुमारी ममता ने किया।

Spread the love