अंबिकापुर। बाक्साइट खाली करते समय चालक को ट्रक के पलटने का आभास हुआ और वह कूद गया। इस दौरान पत्थर के ऊपर गिरकर वह जख्मी हो गया था। अंबिकापुर लाते तक उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, वेस्ट बंगाल के चुनचुरा चंदन नगर का सौरव कुमार घोष पिता समर कुमार घोष 40 वर्ष, सरगुजा जिला के बतौली थाना अंतर्गत ग्राम सिलसिला में स्थित मां कुदरगढ़ी एलुमिना प्लांट में एसजी कंपनी में हाइवा, डंफर चलाता था। रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात करीब 2.50 बजे वह 18 चक्का वाहन में बॉक्साईड लोड करके पहुंचा और हाइड्रोलिक से ट्राला उठाकर बॉक्साईड अनलोड कर रहा था। इसी दौरान ट्रक के एक ओर पलटने का एहसास हुआ और वह ट्रक से बाहर कूदा और पत्थर पर गिरकर जख्मी हो गया। साथ में मौजूद सहयोगी उसे अन्य लोगों के सहयोग से शांतिपारा, बतौली स्वास्थ्य केन्द्र ले गया। यहां से रिफर करने पर सोमवार की सुबह वे उसे मेडिकल कॉलेज संबद्ध, जिला अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का पूरा परिवार वेस्ट बंगाल में ही रहता है, उन्हें घटना की जानकारी साथी ने दी है। पुलिस मामले में मर्ग कायम करके अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love