बलरामपुर से आ रहा था माल, सहायक आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में दबिश

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई है। ‘ऑपरेशन क्लीनÓ के तहत टीम ने 24 घंटे के अंदर एक विक्रेता और एक सप्लायर को गिरफ्तार करके इनके पास से 100 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को मादक पदार्थ अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के मुताबिक, 30 जुलाई को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि बलरामपुर जिला के कुसमी का अविनाश पैकरा, शंातिपारा अंबिकापुर में किराए के मकान में रहकर नशीले इंजेक्शन बेच रहा है। मुखबिर ने बताया कि वह अभी अपने कमरे पर ही मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल दबिश दी। दबिश के दौरान एक युवक बैग लेकर पीछे से भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अविनाश पैकरा बताया। बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 15 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 15 नग एविल इंजेक्शन मिला। इस पर उसके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ में अविनाश ने बताया कि वह नशीले इंजेक्शन अनपारा थाना रामचंद्रपुर जिला बलरामपुर निवासी अमर विश्वकर्मा उर्फ बिट्टू से खरीदकर लाता है।
बलरामपुर के जंगल से सप्लायर बिट्टू गिरफ्तार
अविनाश पैकरा की निशानदेही पर टीम ने 31 जुलाई को जिला बलरामपुर में दबिश दी। टीम ने विमलापुर के जंगल से अमर विश्वकर्मा उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 50 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 50 नग एविल इंजेक्शन मिला, जिसे टीम ने बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों को मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।
90 प्रतिशत नशीले इंजेक्शन विक्रेता जेल दाखिल
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि ‘ऑपरेशन क्लीनÓ के तहत यह एक बड़ी सफलता है। अंबिकापुर के 90 प्रतिशत नशीले इंजेक्शन विक्रेता जेल जा चुके हैं। अब कुछ लोग जिला बलरामपुर और सूरजपुर से माल लाकर यहां बेच रहे हैं। उन पर हमारी कड़ी नजर है। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।’
कार्रवाई में ये रहे शामिल
कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक टीआर केहरी, सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, रोहित सोनवानी एवं महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Spread the love