अधिकारी के बुलाने पर बैग छोड़कर भागे संदिग्ध की तलाश में पुलिस

अंबिकापुर। रेल्वे स्टेशन अंबिकापुर के प्रांगण में लावारिस हाल में जब्त एक ट्राली बैग में 33 लीटर 660 मिलीलीटर विदेशी मदिरा शराब मिला। बैग लेकर मौजूद संदेही रेल्वे पुलिस के द्वारा आवाज लगाने पर मौका देखकर भाग गया। आरपीएफ पोस्ट रेल्वे स्टेशन ने ट्राली बैग को जब्त करके गांधीनगर थाना में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
कार्यालय निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट की ओर से गांधीनगर पुलिस को दिए गए प्रतिवेदन में बताया है कि, बीते 26 जुलाई को करीब 8.55 बजे रेल्वे स्टेशन परिक्षेत्र अंबिकापुर में चेकिंग के दौरान पार्किंग स्टॉफ के द्वारा संदेह होने पर सहायक उपनिरीक्षक जी. खुटिया को आकर बताया कि एक व्यक्ति के पास चाकलेटी रंग का ट्राली बैग है जो काफी वजनी लग रहा है। सहायक उपनिरीक्षक ने उक्त व्यक्ति को आवाज लगाकर पोस्ट में आने के लिए कहा और वह मौका देखकर वहां से फरार हो गया। संदेह के आधार पर ट्राली बैग को आरपीएफ पोस्ट में लगाकर गवाहों के समक्ष, सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए खोला गया। चेक करने पर उसमें दो अलग-अलग ब्रांड का 187 नग शराब की शीशी निकला, जिसकी कुल कीमत 25 हजार 457 रुपये आंकी गई है। लावारिश शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए गांधीनगर थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
गांधीनगर थाना पुलिस रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों का फुटेज खंगाल रही है, ताकि बैग छोड़कर फरार हुए आरोपी की पहचान हो सके। प्रारंभिक जांच में शराब की खेप अवैध परिवहन के उद्देश्य से लाने की संभावना को बल मिल रहा है।

Spread the love