अंबिकापुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर में मंगलवार को शाला प्रवेश उत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल ने नव प्रवेशी छात्राओं को तिलक लगाकर, लड्डू खिलाकर और माला पहनाकर स्वागत किया।
प्राचार्य अपर्णा दुबे ने शाला प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रयोगशाला कक्ष, दो अतिरिक्त कक्ष और कक्ष क्रमांक 23, 24, 25 के ऊपर प्रोफाइल सीट लगाने की मांग रखी। मंत्री महोदय ने इन कार्यों को यथाशीघ्र पूरा करने की घोषणा की। सभापति नगर निगम हरमिंदर सिंह टिन्नी ने कहा कि भारत के भविष्य को गढ़ने में छात्राओं की अहम भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के संस्कारों पर ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की गईं। पार्षदों और एमआईसी सदस्यों ने ‘एक पेड़ मां के नामÓ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम का संचालन सुनीता दास ने और आभार प्रदर्शन अभिमन्यु प्रसाद सिन्हा ने किया। इस अवसर पर दयाशंकर तिवारी, कविता बंसल, राजेश प्रताप सिंह, राधेश्याम यादव, मंसूर आलम सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Spread the love