अंबिकापुर। शहर के विजय मार्ग तिराहा, चर्च रोड केदारपुर में स्थित एक शोरूम में ट्रक से मार्बल टाइल्स उतारते समय मजदूर खतरे में पड़ गये। एक मजदूर के पैर का काफी हिस्सा कट गया, दो अन्य घायलों को भी गंभीर चोटें आई है। घायलों को ऑटो व अन्य साधनों से मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल लाया गया, यहां इनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शो रूम में मंगलवार की रात ट्रक में मार्बल आया था। बुधवार को शोरूम के सामने ट्रक लगाकर मजदूरों के माध्यम से मार्बल पत्थर उतरवाया जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षा का ध्यान नहीं रखने से मार्बल पत्थर की चपेट में शिवमंगल राम पैकरा 40 वर्ष, तिलकनाथ पैकरा उर्फ छोटू 22 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम सल्याडीह, बतौली और ग्राम कुड़केल निवासी विजय 22 वर्ष आ गये। घटना में शिवमंगल का पैर पंजा के पास से बुरी तरह से जख्मी हो गया। इसे ऑटो से गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल लाया गया। आपातकालीन चिकित्सा परिसर में मौजूद चिकित्सक ने स्थिति गंभीर देखते हुये उसका उपचार शुरू किया। घटना में तिलकनाथ को भी गंभीर चोटें आई हैं, इनका उपचार चल रहा है।

Spread the love