अगली सुनवाई तक निर्माण पूर्ण करने के निर्देश, नवीन फोटो अनिवार्य

भैयाथान। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्वीकृत राशि प्राप्त कर लेने के बाद भी आवास निर्माण से मुंह मोड़ने अथवा कार्य अधूरा छोड़ने वाले हितग्राहियों के प्रति जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। सतत निगरानी के साथ समझाइश की कड़ी में विकासखण्ड भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायतों के ऐसे 52 हितग्राहियों को एसडीएम कार्यालय में तलब कर उनकी पेशी ली गई।
सुनवाई के दौरान एसडीएम चांदनी कंवर ने प्रत्येक हितग्राही से व्यक्तिगत रूप से आवास निर्माण के प्रगति की जानकारी ली तथा विलंब के कारणों को समझा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना है, इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक एवं सुरक्षित पक्का आवास उपलब्ध कराना है। योजनांतर्गत मिलने वाली राशि का उपयोग केवल और केवल आवास निर्माण के लिए ही किया जाना चाहिए। एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों ने अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया है, वे तत्काल काम शुरू करें, जिनके आवास निर्माणाधीन हैं, वे अगली सुनवाई तक हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण कर लें। उन्होंने सभी हितग्राहियों को अगली पेशी में अपने आवास की नवीनतम फोटो प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य का सत्यापन संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर किया जाएगा, ताकि वास्तविक प्रगति का सटीक आंकलन हो सके। एसडीएम ने दो टूक कहा कि जब तक आवास निर्माण पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक संबंधित हितग्राहियों को नियमित रूप से पेशी में उपस्थित होना होगा। यदि निर्देशों की अनदेखी की गई अथवा निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love