अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना कार्यालय में परियोजना अधिकारी के कक्ष का प्लास्टर अचानक भरभरा कर गिर गया। इस दौरान कक्ष में बैठक चल रही थी, और परियोजना अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। घटना में परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक सहित तीन महिला कर्मचारी घायल हो गये। आननफानन में तीनों को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर ले जाया गया, यहां इनका उपचार हुआ।
बता दें कि, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सरगुजा जिले के सीतापुर में स्थित एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना कार्यालय भवन काफी जर्जर हालत में है। बारिश के दौरान अक्सर छत का प्लास्टर गिरते रहने की खतरे की स्थिति बनी रहती है। बताया जा रहा है कि, गुरुवार की दोपहर महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी सिब्रिया केरकेट्टा अपने कार्यालयीन कक्ष में कर्मचारियों के साथ बैठक में थीं, इस दौरान बारिश भी हो रही थी। इसी बीच अचानक छत का प्लास्टर उनके ऊपर भरभराकर गिर गया, इसके चपेट में परियोजना अधिकारी के अलावा पर्यवेक्षक और कर्मचारी शिखा साहू आ गईं। परियोजना अधिकारी के सिर में वहीं अन्य 2 महिला कर्मचारियों के पैर में चोटें आईं हैं। इस घटना के बाद कायर्ज्ञलय में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। तीनों को सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, यहां इन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई गई है। घटना के बाद कर्मचारियों ने कहा कि कार्यालय भवन काफी समय से जर्जर है। समय-समय पर कार्यालय भवन के संधारण की ओर ध्यान नहीं देने से बारिश के समय छत से सिपेज भी होता है, ऐसे में खतरे की स्थिति बनी रहती है। अनवरत बारिश होने की स्थिति में कार्यालयीन दस्तावेजों को संभाल पाना मुश्किल होगा। इस घटना को संज्ञान में लेकर जिला प्रशासन को सरकारी भवनों की स्थिति से अवगत होना होगा, ताकि जिले में कहीं और ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न होने पाये, और सुरक्षित माहौल में कर्मचारी काम कर सकें।

Spread the love