सरगुजा पुलिस ने राष्ट्रीयकृत, निजी बैंकों, एटीएम में पहुंची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया

अंबिकापुर। जिले के समस्त राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों, एटीएम में सघन चेकिंग अभियान सरगुजा पुलिस ने चलाया। इस दौरान विभिन्न थाना, चौकी की पुलिस टीम ने बैंकों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर रही। पुलिस टीम ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म, फायर कंट्रोल सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों के कार्यप्रणाली की जांच की।
बता दें कि, बैंकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं आपराधिक घटनाओं के प्रभावी रोकथाम हेतु डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल द्वारा जिला मुख्यालय समेत जिले के समस्त थाना, चौकी प्रभारियों को अपने-अपने थाना व चौकी अंतर्गत स्थित राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों एवं एटीएम की औचक चेकिंग कर प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश देने निर्देशित किया है। इसके पालन में शुक्रवार को जिले के समस्त थाना, चौकी प्रभारियों ने जिले के समस्त बैंकों एवं एटीएम का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों के कार्यप्रणाली की जांच की, बैंक के बाहर, भीतर बेवजह घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ की गई और बैंक से जुड़े काम के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। बैंक प्रबंधकों को बैंक के सुरक्षा गार्डों के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने बैंक आए ग्राहकों से भी अपील की, वे लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें। थाना चौकी क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और बैंक एवं उपभोक्ताओं के बीच सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए उक्त सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

Spread the love