अंबिकापुर। सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ उल्लेखनीय योगदान के लिए प्राइड ऑफ साउथर्न इंडिया अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बीते 27 जून को हैदराबाद स्थित होटल द पार्क में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री एवं राज्यसभा सांसद जयाप्रदा ने डॉ. डी.के. सोनी को सम्मान पत्र एवं अवार्ड प्रदान किया। यह सम्मान उन्हें आरटीआई, जनहित याचिकाओं, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन मनीष भंसाली, फाउंडर इनसाइट सक्सेस एंड ट्रेड मीडिया द्वारा किया गया था। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए जाने-माने डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों एवं अन्य विशिष्ट व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनके समक्ष उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। डॉ. सोनी लंबे समय से सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अपनी संस्था सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस के माध्यम से वे आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने आरटीआई और जनहित याचिकाओं के माध्यम से कई महत्वपूर्ण मामलों को न्यायालयों तक पहुंचाया और कई मामलों में सफल कानूनी लड़ाई लड़ी है। सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं को उजागर करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने कई मामलों में जांच और कार्रवाई सुनिश्चित कराते हुए दोषी अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कराने में सफलता प्राप्त की है। अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा उनके शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है। डॉ. सोनी ने सम्मान प्राप्त करने के बाद कहा कि यह पुरस्कार उन्हें जनहित, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। भविष्य में भी वे समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

Spread the love