‘नवजीवनÓ अभियान के तहत सैकड़ों छात्रों ने ली नशामुक्ति की शपथ

अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरहरी में जिले को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘नवजीवन: नशे के विरुद्ध जन जागरूकता महा अभियानÓ के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम थाना प्रतापपुर के तत्वावधान में हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में राज्यपाल से पुरस्कृत व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इसलिए युवा पीढ़ी को इससे कोसों दूर रहना चाहिए।  सहायक उपनिरीक्षक राजेश यादव ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि  आप सभी सिर्फ अपने लिए नहीं, अपने घर, मोहल्ले और पूरे सूरजपुर के लिए नशे के खिलाफ आवाज बनें।
पोस्टर-बैनर से दिया कड़ा संदेश
जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए स्कूल परिसर में विशेष पोस्टर और बैनर लगाए गए। अभियान के मुख्य नारे, ‘नशे को ना कहें, जिंदगी को हां कहेंÓ के साथ सामाजिक अपील की गई कि ‘आइए सूरजपुर को नशा मुक्त बनाने की मुहिम में जुड़ें।Ó इससे स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन, सुखी परिवार, सशक्त समाज का निर्माण होगा। पोस्टरों को देखकर बच्चों ने भी नशे के खिलाफ संकल्प लिया।
पुलिस-स्कूल के साझा पहल की सराहना  
शपथ कार्यक्रम में थाना प्रतापपुर से एएसआई राजेश यादव, प्रधान आरक्षक योगेन्द्र भगत, सरहरी स्कूल के प्राचार्य दिलीप तिवारी सहित सभी शिक्षक, स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे। थाना प्रतापपुर और स्कूल प्रबंधन के इस संयुक्त प्रयास को लोगों ने खूब सराहा। ‘नवजीवनÓ अभियान का मुख्य उद्देश्य सूरजपुर की युवा पीढ़ी को सही दिशा देना और एक स्वस्थ व सशक्त समाज का निर्माण करना है।

Spread the love